महू: गवली पलासिया स्थित दद्दू बेकरी पर मंगलवार दोपहर खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा. इस कार्रवाई के दौरान बेकरी से 10 गैस सिलेंडर जब्त किए गए. इस दौरान टीम को बेकरी में भारी गंदगी भी देखने को मिली. विभिन्न बेकरी उत्पादों के नमूने लिए गए.खाद्य विभाग के अधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि महू एसडीएम राकेश परमार को दद्दू बेकरी के खिलाफ कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों में बेकरी में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री बनाने का आरोप था.
शिकायतों की जांच के लिए टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान, बेकरी के पिछले हिस्से में भारी गंदगी पाई गई. टीम ने केक और समोसा बनाने में इस्तेमाल होने वाले मैदा सहित अन्य सामग्री के नमूने भी एकत्र किए. मौके पर मिले 10 गैस सिलेंडरों को जब्त कर पंचनामा बनाया गया. अधिकारियों ने बेकरी के लाइसेंस और गुमास्ता (व्यापार लाइसेंस) की भी जांच की. फिलहाल सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है. अधिकारियों ने बताया कि यदि नमूनों में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
