आंधी-बारिश से मिली गर्मी से राहत, पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित

ऋषिकेश, 29 मई, (वार्ता) बीते एक माह से झुलसाने वाली गर्मी का सामना कर रहे उत्तराखंड में ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुरुवार देर रात मौसम में आए बदलाव से राहत मिली। तेज आंधी और लगभग दो घंटे तक हुई वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, आंधी-तूफान अपने साथ कई समस्याएं भी लेकर आया।

तेज हवाओं के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ उखड़कर या टूटकर बिजली की हाईटेंशन लाइनों पर गिर गए। इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई और कई इलाकों में रात से ही बिजली गुल हो गई। जगह-जगह पेड़ गिरने से सड़क मार्ग भी बाधित हुए, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

ऋषिकेश-एम्स मार्ग पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। वहीं वीरभद्र सब स्टेशन से संचालित 33 केवी विद्युत लाइन पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने से तार टूट गए। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों और टूटे तारों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभागीय टीमों को विभिन्न प्रभावित स्थलों पर लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार विद्युत आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य करने में दोपहर बाद तक का समय लग सकता है।

प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने तथा बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटी हुई हैं। वहीं मौसम में आई ठंडक और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत अवश्य मिली है, लेकिन बिजली कटौती ने उनकी परेशानियां बढ़ा दी हैं।

 

 

Next Post

वर्षा से पहले 13 जर्जर भवनों पर होगी कार्रवाई

Fri May 29 , 2026
सतना: नगर पालिक निगम सतना क्षेत्रांतर्गत चिन्हित 13 जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों पर वर्षा ऋतु से पूर्व कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश डॉ. शेर सिंह मीना,आयुक्त नगर पालिक निगम सतना द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। आयुक्त ने निर्देशित किया है कि ऐसे भवन, जो बारिश के दौरान […]

You May Like

मनोरंजन