पालघर | महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित तारापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट की ‘भगेरिया केमिकल्स कंपनी’ में आज दोपहर करीब 2:00 बजे ‘ओलियम गैस’ के रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस लीक होते ही हवा में सफेद धुंध की मोटी चादर फैल गई, जिसकी चपेट में आने से स्थानीय नागरिकों और मजदूरों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने लगी। देखते ही देखते यह जहरीली गैस करीब दो किलोमीटर के दायरे में फैल गई, जिससे कैमलिन नाका और टाकी नाका जैसे रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तारापुर विद्यामंदिर स्कूल के छात्रों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने राजस्व, एमआईडीसी (MIDC), दमकल विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमों को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने के निर्देश दिए हैं। औद्योगिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, लगभग एक टन ओलियम गैस का स्टॉक प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख स्वयं मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिहाज से कंपनी की ओर जाने वाली सड़क को पूरी तरह बंद करवा दिया है। अग्निशमन दल की गाड़ियां रिसाव पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रही हैं, जबकि भारी पुलिस बल भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अपने घरों के दरवाजे व खिड़कियां पूरी तरह बंद रखें। विशेषज्ञों के अनुसार, ओलियम गैस हवा के संपर्क में आकर सल्फर ऑक्साइड बनाती है, जो फेफड़ों के लिए हानिकारक हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे पंखे और एसी (AC) बंद कर दें और बाहर निकलने से बचें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को सतर्क रहने को कहा गया है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की हिदायत दी गई है।

