
सौसर। प्राथमिक शाला भूम्मा के नन्हे छात्र पिछले छह वर्षों से एक पक्के स्कूल भवन की राह देख रहे हैं, लेकिन शासन और प्रशासन की ओर से उन्हें सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिल रहे हैं। प्रशासन की इसी बेरुखी और अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा गणतंत्र दिवस पर फूट पड़ा। 26 जनवरी को ग्राम सभा की बैठक के बाद, ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की।
गणतंत्र दिवस पर ग्राम सभा के बाद विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से ग्राम में शासकीय प्राथमिक शाला भवन के निर्माण की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में जर्जर व्यवस्थाओं के बीच बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित ग्राम सभा में भी जब इस मुद्दे पर कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सीधे भुम्मा के मुख्य मार्ग पर उतर आए।
यातायात रहा बाधित, प्रशासन को दी चेतावनी
चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर हल्का यातायात बाधित रहा। सुदामा मानमोड़ें का कहना है कि पिछले 6 वर्षों से भवन निर्माण की फाइल दफ्तरों के चक्कर काट रही है। सिर्फ कागजों और आश्वासनों पर काम हो रहा है, धरातल पर ईंट तक नहीं रखी गई। श्री मानमोड़ें जब तक भवन निर्माण का लिखित आदेश और काम शुरू नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
