
बैतूल। सांईखेड़ा थाना क्षेत्र में एक गांव में 40 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। वह रविवार से लापता था और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूर एक खेत में पेड़ के नीचे पड़ा मिला।
शरीर पर चोट के निशान और शव को अन्य स्थान से लाकर फेंके जाने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गुणवंत गोविंदराव (40) के रूप में हुई है। वह रविवार सुबह से अपने घर से लापता थे। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। सोमवार को गांव के कुछ लोगों ने खेत में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में गुणवंत के चेहरे, गर्दन और गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का अनुमान है कि शव लगभग एक दिन पुराना है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस खेत में शव मिला है, वहां पहले भी तलाश की गई थी, लेकिन तब शव वहां नहीं था। इससे परिजनों और ग्रामीणों को आशंका है कि हत्या के बाद शव को किसी और जगह से लाकर यहां फेंका गया है। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और एसडीओपी सुनील लाटा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी बीएल उईके भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। आबिद अंसारी के नेतृत्व में एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैतूल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और हत्या की आशंका पर स्थिति और अधिक स्पष्ट हो पाएगी।
