मप्र में संगठन और सरकार का तालमेल अच्छा,जल्द होंगी निगम मंडलों में नियुक्तियां: उमा भारती 

बैतूल। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे शांत, संतुलित और अनुभवी नेतृत्व प्रदान कर संगठन को मजबूत दिशा दे रहे हैं।

नागपुर में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन से भोपाल लौटते समय बैतूल जिले के शाहपुर स्थित वन विभाग के विश्राम गृह में अल्प प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा में भारती ने कहा कि खंडेलवाल का स्वभाव सौम्य है और उन्हें संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव है, जिसका लाभ पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने संकेत दिए कि आगामी दिनों में प्रदेश में निगम और मंडलों से संबंधित नियुक्तियों की घोषणाएं हो सकती हैं और इस संबंध में लिए जाने वाले सभी निर्णय प्रदेशहित में होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मौजूदा सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में विकास, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का वातावरण निरंतर बना रहेगा।

इस दौरान भारती ने बैतूल जिले के प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सतपुड़ा अंचल की वादियां, घने वन और शांत वातावरण उन्हें विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि बैतूल से उनका आत्मिक संबंध है और यहां का वातावरण उन्हें हमेशा सुकून देता है।

विश्राम गृह में ठहरने के दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से क्षेत्रीय वन प्रबंधन, संरक्षण गतिविधियों और स्थानीय व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और संगठनात्मक मजबूती दोनों ही दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी हैं, जिससे राज्य के समग्र विकास को गति मिलेगी।

Next Post

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में होली के दिन बचाई गई जटिल हृदय रोगी की जान

Mon Mar 2 , 2026
रीवा। रंगों के त्योहार होली के अवसर पर जहाँ पूरा प्रदेश उत्सव में डूबा था, वहीं रीवा के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने एक गंभीर मरीज को ‘नया जीवन’ देकर मानवता की मिसाल पेश की है. वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. त्रिपाठी और उनकी टीम ने एक अत्यंत […]

You May Like