
सिंगरौली। चितरंगी क्षेत्र के बगैया शाउमावि के छात्र-छात्राओं को खो-खो प्रतियोगिता में शामिल कराने के लिए मालवाहक पिकअप वाहन से ले जाने का मामला सामने आया है। पिकअप में बच्चों को बैठाकर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की व्यवस्था और विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए छात्रों को सुरक्षित यात्री वाहन के बजाय मालवाहक पिकअप से ले जाया गया। यदि वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति सही है तो यह बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला माना जा सकता है। वाहन की क्षमता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से रास्ते में किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। इधर मामला जिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में पहुंच चुका है। विभाग की ओर से विद्यालय के प्राचार्य से जवाब मांगा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जवाब मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। चर्चा है कि रकम बचाने के चक्कर में बोलेरो के बदले प्राचार्य ने पिकअप वाहन का सहारा लिया। जबकि पिकअप वाहन से सवारियों का परिवहन करना प्रतिबंधित है।
