
रीवा, मऊगंज के ग्राम पंचायत सरैहा और छुहिया में आवारा मवेशियों से परेशान किसानों ने एकजुट होकर एक बड़ा कदम उठाया है. फसलों को लगातार हो रहे नुकसान से आक्रोशित किसानों ने दर्जनों मवेशियों को सुरक्षित ले जाकर ग्राम पंचायत सरैहा के शासकीय गौशाला में शिफ्ट करवा दिया है.
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत सरैहा के सरपंच सुरेश कुमार गुप्ता और गौशाला प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. किसानों का साफ कहना है कि यदि इस बार मवेशियों को दोबारा खुला छोड़ा गया, तो सरपंच के खिलाफ उग्र आंदोलन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में घूम रहे आवारा मवेशी दिन-रात किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं. खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो रही हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरैहा गौशाला के कर्मचारी मवेशियों को सही ढंग से रखने के बजाय चुपके से वापस बाहर छोड़ देते हैं. इसी लापरवाही के कारण मवेशी दोबारा खेतों का रुख करते हैं. ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच से निवेदन और चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि वे अपने कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाएं. फिलहाल सैकड़ों किसानों ने एकजुट होकर प्रशासन और स्थानीय पंचायत को चेताया है कि यह किसानों के भविष्य और उनकी रोजी-रोटी का सवाल है. ग्रामीणों का कहना है की हम अपनी फसलों को बचाने के लिए इन मवेशियों को सुरक्षित रूप से गौशाला छोडक़र आए हैं. अगर गौशाला प्रबंधन की लापरवाही के कारण मवेशियों को फिर से बाहर निकाला गया चक्काजाम किया जाएगा.
