भागीरथपुरा दूषित पानी से मौत के आंकड़ों पर विवाद, शव रखकर चक्काजाम

इंदौर: भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से मौत के मामलों को लेकर प्रशासन द्वारा जारी किए गए आंकड़ों पर बवाल मच गया है. एक युवक की मौत को स्वास्थ्य विभाग द्वारा अन्य बीमारियों से जोड़ने के बाद परिजन और स्थानीय रहवासी भड़क गए. शनिवार सुबह परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.भागीरथपुरा निवासी बद्रीप्रसाद लिटोरिया की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी.

स्वास्थ्य विभाग ने इस मौत को केवल दूषित पानी से हुई मौत मानने से इनकार करते हुए अन्य बीमारियों के कारण मौत होने की बात कही. इसी को लेकर परिजन और स्थानीय लोग नाराज हो गए. शनिवार सुबह भागीरथपुरा पुल पर मृतक के परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया. परिजनों का कहना है कि बद्रीप्रसाद की मौत दूषित पानी पीने से ही हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है. परिजनों ने बताया कि बद्रीप्रसाद के परिवार में इससे पहले भी दूषित पानी से एक महिला की मौत हो चुकी है, जिसका नाम कंचन बताया जा रहा. प्रदर्शन के दौरान पीड़ित परिवार और रहवासियों का गुस्सा प्रशासन और क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ फूट पड़ा.

लोगों ने जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि अब तक न तो प्रशासन ने और न ही पार्षद ने परिवार की कोई सुध ली है. रहवासियों ने बताया कि बद्रीप्रसाद के परिवार में अब केवल बच्चे बचे हैं, जिनकी मदद के लिए आसपास के लोगों ने चंदा इकट्ठा किया है. स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया. पुलिस ने पुलिया के दोनों ओर से रास्ता बंद कर यातायात रोक दिया. चक्काजाम की सूचना मिलते ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मौत को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर सवाल खड़े किए. फिलहाल पुलिस और प्रशासन द्वारा लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि दूषित पानी से मौत के मामले को लेकर विवाद बना हुआ है.

Next Post

उड़ीसा की युवती को भिंड में बेचने की कोशिश

Sat Jan 24 , 2026
भिंड: जिले के असवार थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतपुरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब उड़ीसा की एक युवती ने खुद को मोटी रकम लेकर बेचने की कोशिश किए जाने का गंभीर आरोप लगाया. युवती का कहना है कि गांव की ही रहने वाली महिला रामसखी माहौर ने उसे […]

You May Like