जबलपुर: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 24 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी जबलपुर की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते तथा मनरेगा में प्रस्तावित बदलाव कर मजदूरों के कानूनी अधिकारों पर किए जा रहे प्रहार के विरोध में व्यापक रणनीति बनाई गई। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में विधानसभा घेराव में शामिल होने का आह्वान किया गया।
इस दौरान शहर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश के छोटे व्यापारियों, किसानों और स्थानीय उद्योगों के हितों के खिलाफ है। साथ ही मनरेगा में बदलाव कर मजदूरों के कानूनी अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी आमजन के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 24 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुँचकर विधानसभा घेराव को सफल बनाएं।
वहीं जिला प्रभारी राजकुमार खुराना ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां लगातार मजदूर, किसान और युवा वर्ग के हितों के विरुद्ध हैं। बैठक में पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव, विधानसभा प्रभारी राकेश तिवारी, दिनेश दिमौले, यतेंद्र हीरा चौकसे, अमरीश मिश्रा, अभिषेक चिंटू चौकसे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसियों की उपस्थिति रही।
