बरगी बांध क्रूज हादसा: सीएम डॉ यादव ने दिए जांच के निर्देश, रेस्क्यू करने वाले जांबाज 15 अगस्त को होंगे सम्मानित

भोपाल। जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह घटना चक्रवाती परिस्थितियों के कारण हुई प्रतीत होती है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हादसे के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और एसीएस संजय दुबे सहित प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। साथ ही राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया। अब तक 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

सीएम ने रेस्क्यू टीम की सराहना करते हुए कहा कि दल ने जोखिम उठाकर क्रूज को काटते हुए कई जिंदगियां बचाईं। उन्होंने घोषणा की कि जिन जवानों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए लोगों को सुरक्षित निकाला, उन्हें आगामी 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं।

Next Post

गिट्टी से भरे डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

Fri May 1 , 2026
इंदौर। सांवेर थाना इलाके में बीती दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। गिट्टी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारने के बाद उन्हें कुचल दिया और फिर उनके ऊपर ही पलट गया। हादसे का मंजर इतना खौफनाक […]

You May Like