
इंदौर। सांवेर थाना इलाके में बीती दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। गिट्टी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारने के बाद उन्हें कुचल दिया और फिर उनके ऊपर ही पलट गया। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई।
पुलिस के अनुसार, देपालपुर के ग्राम नयाखेड़ा निवासी असलम पिता मुख्तयार पटेल (32) अपनी मां मलका बी पटेल के साथ चिमली गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोपहर में जब दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी चंद्रावतीगंज से सांवेर की ओर जा रहे गिट्टी से भरे डंपर ने मौत बनकर उन्हें घेर लिया।हादसा सांवेर के पास एक मोड़ पर हुआ। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। डंपर ने सामने से आ रही असलम की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगते ही मां-बेटा सड़क पर गिर पड़े और डंपर ने उन्हें रौंद दिया। इसके बाद गिट्टी से लदा डंपर भी उनके ऊपर ही पलट गया, जिससे दोनों डंपर और गिट्टी के नीचे दब गए।हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। डंपर के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले जा सके। डंपर के नीचे दबने के कारण शव सड़क से चिपक गए थे, जिसे देख मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे।हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे डंपर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांवेर पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। सांवेर पुलिस ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
