जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष

ग्वालियर। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के ग्राम जनाहर में जमीनी विवाद के चलते बड़े भाई ने अपने बेटों के साथ मिलकर छोटे भाई और उसके बेटों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट के बाद पिस्टल से फायर कर दिया, जिसमें अधेड़ घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार फरियादी जगदीश पुत्र फकीर सिंह बघेल का अपने बड़े भाई रामनिवास बघेल से पुस्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह करीब 8 बजे जगदीश अपने दो बेटों रंजीत बघेल और प्रदीप बघेल के साथ अपने खेत पर जा रहा था। तभी रास्ते में उसका बड़ा भाई रामनिवास बघेल अपने बेटों रवि बघेल और चंद्रभान बघेल के साथ आ गया और बोला कि तुम हमारी जमीन पर क्यों आए हो।

जगदीश ने कहा कि वह अपनी जमीन पर आया है। इसी बात पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे। जब जगदीश और उसके बेटों ने गाली देने से मना किया तो रामनिवास ने अपने बेटों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान भतीजे रवि बघेल ने पिस्टल निकालकर चाचा जगदीश पर फायर कर दिया। गोली जगदीश के हाथ के बाजू में लगी और लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल के बेटे रंजीत ने डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मदद से घायल को सिविल हॉस्पिटल हजीरा पहुंचाया गया।

पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

 

इनका कहना है –

फरियादी ने शिकायत की है कि जमीनी विवाद के चलते भाई-भतीजों ने उस पर व उसके बेटे पर हमला कर दिया। फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।

– नागेंद्र सिंह सिकरवार,सीएसपी,महाराजपुरा

Next Post

'सृजन संवाद' से खाकी के करीब आए नौनिहाल

Mon Aug 10 , 2026
ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस की पहल ‘सृजन संवाद’ के तहत रविवार को ग्वालियर जिले के विभिन्न थानों में स्कूली विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम और थाना भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से पुलिस के प्रति भय को दूर कर पुलिस को मित्र और रक्षक के […]

You May Like