
ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस की पहल ‘सृजन संवाद’ के तहत रविवार को ग्वालियर जिले के विभिन्न थानों में स्कूली विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम और थाना भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से पुलिस के प्रति भय को दूर कर पुलिस को मित्र और रक्षक के रूप में स्थापित करना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को कानून, अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में महिला सुरक्षा शाखा की उप पुलिस अधीक्षक शिखा सोनी और महिला थाना प्रभारी रश्मि भदौरिया ने एबनेजर हाई सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और किसी भी अप्रिय स्थिति में बिना डरे पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
दूसरी ओर इंदरगंज, झांसी रोड, डबरा देहात, तिघरा, घाटीगांव, ठाठीपुर और जनकगंज सहित जिले के विभिन्न थानों में विद्यार्थियों को पुलिस कार्यप्रणाली से रूबरू कराया गया। थाना प्रभारियों ने बच्चों को मालखाना, हवालात, महिला डेस्क, रीडर कक्ष सहित थाना परिसर का भ्रमण कराया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज करने से लेकर एफआईआर, विवेचना, अभिलेख संधारण और न्यायालय में चालान पेश करने तक की पूरी प्रक्रिया सरल भाषा में समझाई गई।
संवाद सत्र में पुलिस अधिकारियों ने बाल एवं महिला अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी होने पर शिकायत की प्रक्रिया, आत्मरक्षा के उपाय और यातायात नियमों विशेषकर हेलमेट की अनिवार्यता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से खुलकर सवाल पूछे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध या असुरक्षा की स्थिति में वे बेझिझक पुलिस की मदद ले सकते हैं।
