
बेंगलुरु, 24 सितंबर (वार्ता) खलिन जोशी ने तीन-अंडर 69 का स्कोर बनाकर कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन (केजीए) में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले बेंगलुरु ओपन 2026 पावर्ड बाय इंडियनऑयल के तीसरे राउंड के बाद तीन शॉट की बढ़त बरकरार रखी। दिन की शुरुआत छह शॉट की बढ़त के साथ करने वाले बेंगलुरु के 34 वर्षीय जोशी (61-68-69) ने पार-5 के पांचवें होल पर एक ईगल और तीन बर्डी लगाईं, जबकि दो बोगी कीं। वह 18-अंडर 198 के कुल स्कोर के साथ अंतिम राउंड में उतरेंगे।
गुरुग्राम के मनु गंडास (69-68-64), जो 2023 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग चैंपियन रहे थे, ने बोगी- मुक्त आठ-अंडर 64 के साथ दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। गंडास संयुक्त तीसरे स्थान से ऊपर उठकर 15-अंडर 201 के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए और उन्होंने जोशी की बढ़त को तीन शॉट तक सीमित कर दिया। रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में फिलहाल 20वें स्थान पर मौजूद गंडास ने आठ बर्डी लगाईं, जिनमें 10वें से 12वें होल तक लगातार तीन बर्डी शामिल रहीं। रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे ग्रेटर नोएडा के सप्तक तलवार (67-70-68) ने पांच बर्डी और एक बोगी की मदद से चार-अंडर 68 का स्कोर बनाया। वह 11-अंडर 205 के साथ तीसरे स्थान पर हैं। गुरुग्राम के वीर अहलावत (68-69-69) और स्थानीय युवा खिलाड़ी मनोज एस (65-70-71) ने 10-अंडर 206 के साथ संयुक्त चौथा स्थान साझा किया।
तेज होती हवा, अधिक तेज ग्रीन और मुश्किल फ्लैग पोजिशन के कारण जोशी के लिए तीसरा राउंड पिछले दो दिनों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रहा। जोशी ने कहा, “यह एक चुनौतीपूर्ण राउंड था। मैंने गेंद को विशेष रूप से अच्छी तरह हिट नहीं किया, लेकिन राउंड को संभाले रखा और खुद को टूर्नामेंट की दौड़ से बाहर नहीं होने दिया। मैं अब भी मजबूत स्थिति में हूं और कल के राउंड का इंतजार कर रहा हूं।”
स्थानीय खिलाड़ी चिक्कारंगप्पा ने अपने 73 के राउंड के दौरान 13वें होल पर होल-इन-वन बनाया। वह एक-ओवर 217 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 33वें स्थान पर हैं। बेंगलुरु ओपन 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष 60 खिलाड़ियों के तय होने से पहले आखिरी टूर्नामेंट है। इस प्रतियोगिता के बाद शीर्ष 60 में रहने वाले खिलाड़ी 2026-27 सत्र के लिए अपने खेलने का अधिकार बरकरार रखेंगे।
