सिंगरौली : बैढ़न विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तियरा का कलेक्टर गौरव बैनल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।कलेक्टर ने कल शनिवार से विद्यालय में प्रारंभ होने वाली नीट की नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग में भाग लेकर नियमित अध्ययन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय में ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है।
जिले में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है, ऐसे में विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठाकर नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करें तथा चिकित्सा शिक्षा हासिल कर योग्य चिकित्सक बनें। विद्यालय में ऑनलाइन कोचिंग प्रारंभ किए जाने की जानकारी मिलने पर विद्यार्थियों ने उत्साह व्यक्त किया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कलेक्टर से विद्यालय में जेईई की ऑनलाइन कोचिंग प्रारंभ कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही जेईई की ऑनलाइन कोचिंग संचालित कराने की पहल की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय एवं डीईओ कविता त्रिपाठी मौजूद रहीं।
जन आरोग्य मंदिर तियरा का किया निरीक्षण
कलेक्टर गौरव बैनल ने जन आरोग्य मंदिर तियरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को चिन्हित कर उनकी स्वास्थ्य जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराकर उनका समुचित उपचार एवं पोषण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के माता-पिता को भी कुपोषण के लक्षणों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करें।
००००००
