नयी दिल्ली 25 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनसंघ नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर शुक्रवार को यहां के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ में शामिल हुए और इस दौरान वह जेन जी के साथ खंजरी बजाते हुए झूमते नजर आये। उन्होंने तालियां बजाकर कलाकारों की हौसलाअफजाई की। श्री मोदी ने इस कार्यक्रम का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिए अकाउंट एक्स पर साझा किया है।
इस दौरान श्री मोदी गुजराती, हिंदी भजनों पर खंजरी बजाते और गुनगुनाते नजर आये। वह यहां आम लोगों के बीच में बैठे थे और उन्होंने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
प्रधानमंत्री कार्यक्रम में भक्ति में सरोबार और आंखें बंद कर भजन सुनते रहे। यहां पर मंच पर जेन जी लव मोदी के नारे लिखे हुए थे। इस दौरान मंच से भगवान राम के नाम का जयकारा भी लगाया गया।
गौरतलब है कि ‘भजन क्लबिंग’ युवाओं, विशेषकर जेन जी के बीच एक तेजी से उभरता हुआ अध्यात्मिक और सांस्कृतिक ट्रेंड है। यह पारंपरिक भजनों और कीर्तन को आधुनिक कॉन्सर्ट या नाइट-क्लब जैसी ‘वाइब’ और प्रोडक्शन के साथ प्रस्तुत करने का एक नया तरीका है।
पंडित दीनदलाय उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के नगला चंद्रभान गांव हुआ था। वह एक भारतीय राजनेता, ‘एकात्म मानववाद’ विचारधारा के समर्थक और भारतीय जनसंघ पार्टी के नेता थे।
वह दिसंबर 1967 में जनसंघ के अध्यक्ष बने थे और 11 फरवरी 1968 को रहस्यमय परिस्थितियों में उनका निधन हो गया था। उनका शव मुगलसराय जंक्शन के पास मिला था, जिसका नाम बदलकर अब दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया गया है।
