
गरोठ। मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर थाना गरोठ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए वृद्ध व्यक्ति पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्रीमती हेमलता कुरील एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
घटना दिनांक 08-09 फरवरी 2026 की रात्रि की है, जब ग्राम बालोदा निवासी गणपतलाल पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा घटनास्थल निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी कमल कंजर (30) एवं गोविंद कंजर (31) निवासी जिला झालावाड़ राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य तीन साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बिना नंबर की मोटरसाइकिल एवं दो खाली पीतल के कारतूस जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में थाना गरोठ, शामगढ़, सीतामऊ एवं जिला साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा।
