
उज्जैन। पारिवारिक विवाद होने पर पत्नी ने थाने पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा किया। इसी बात से आहत पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
केडी गेट पर रहने वाला ओमप्रकाश पिता भैरूलाल चौधरी पेंटरी का काम करता था। विगत गुरुवार को पत्नी हेमलता से उसका विवाद हो गया था। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई थी कि पत्नी ने जीवाजीगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी थी। पुलिस ने ओमप्रकाश को हिरासत में लिया था और जमानत पर रिहा कर दिया। इस बीच पत्नी अपनी बेटी के मायके अहमदाबाद चली गई थी। पेंटर ओमप्रकाश के दो पुत्र इंदौर में पढ़ाई कर रहे हैं।
बीती शाम ओमप्रकाश ने घर में सोफे के कवर का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बहन ने उसे कॉल किया तो रिसिव्ह नहीं किया। जिसके चलते बहन ने अपने पुलिसकर्मी प्रधान आरक्षक पति प्रकाश गौड़ को ओमप्रकाश द्वारा फोन रिसिव्ह नहीं करने की जानकारी दी गई।
प्रधान आरक्षक अपने साले को देखने के लिए केडी गेट पहुंचा जहां दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर ओमप्रकाश फंदे पर लटका दिखाई दिया। मामले की सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। शनिवार सुबह मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है।
