पटना, 22 जून (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े और अतिपिछड़े समाज को सम्मान और अधिकार मिल रहा है।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज यहां आयोजित अतिपिछड़ा वर्ग अभिनन्दन सह आभार समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अति पिछड़ा समाज को सम्मान और भागीदारी दी है तथा आगे भी उनके अधिकारों और विकास के लिए कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पिछला 12 वर्ष देश में विश्वास और विकास का वर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का सपना विकसित भारत का निर्माण करना है और यह तभी संभव होगा जब विकास की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गांवों में रहनेवाले श्रमिकों और परंपरागत रोजगार से जुड़े लोगों को सशक्त बनाने का कार्य किया है। गरीब, पिछड़े, अतिपिछड़े और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जो भी अपराध करेगा,उसे किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और बिहार को अपराधमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नीट परीक्षा में अनियमितताओं के मामले में की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सुशासन और पारदर्शिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।
श्री चौधरी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने बिहार में पिछड़े वर्गों को आरक्षण दिलाने के लिए संघर्ष किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी पात्र वर्गों को संवैधानिक व्यवस्था के तहत आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
