
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत शक्ति ढाबा के पास एक अनियंत्रित अज्ञात 407 मालवाहक वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार एक युवक और महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 साल का एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के मुताबिक, शास्त्रीनगर सोनी कॉलोनी निवासी सानु जायसवाल ने बताया कि उनके रिश्तेदार स्कूटी क्रमांक एमपी 20 जेड जेड 4135 पर सवार होकर बिलहरी की तरफ जा रहे थे। स्कूटी को ओमकार यादव चला रहे थे। जैसे ही वे तिलवारा स्थित शक्ति ढाबा के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार 407 वाहन के चालक ने उन्हें बेरहमी से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। सड़क पर लहूलुहान पड़े घायलों को सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण ओमकार यादव 40 वर्ष, निवासी- ग्राम घंसौर, जिला सिवनी , मधु उर्फ पार्वती बाई गोंड ठाकुर 35 वर्ष, निवासी- सगड़ा, तिलवारा की मौत हो गई है जबकि इस हादसे में स्कूटी पर सवार 6 वर्षीय बालक विराट गौंड़ ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई गंभीर चोटों के कारण मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
