भैरुंदा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर लाड़कुई में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर रथ यात्रा भी निकाली गई. कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए.
कार्यक्रम में कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं द्वारा जनजातीय संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरते हुए सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संबोधित किया. कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया. कार्यक्रम में राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा भगवान बिरसा मुंडा ऐसे पराक्रमी योद्धा थे जिन्होंने अंग्रेजों की नाक में दम कर रखा था. टंट्या मामा और रानी दुर्गावती का भी हमारे देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान है.
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के महान योगदान को सम्मान देने के लिए उनकी जन्म शताब्दी मनाने का निर्णय लिया है. सभी जातियों एवं समाज से मिलकर हमारा राष्ट्र बना है. इन सब से ऊपर उठकर हमारे लिए राष्ट्र ही सर्वोपरि होना चाहिए तथा हमें राष्ट्र के लिए कार्य करना चाहिए. इस अवसर पर विधायक रमाकांत भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, निगम अध्यक्ष श्रीमती निर्मला सुनील बारेला ने भी संबोधित किया.कार्यक्रम में रघुनाथ भाटी, रवि मालवीय, जनपद अध्यक्ष मंजू अवध पटेल, कलेक्टर बालागुरू के., जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, एसडीएम सुधीर कुशवाह, जनपद सीईओ संजय अग्रवाल, अरविंद कुशवाह, पंकज गुप्ता, श्यामलाल ठाकुर आदि उपस्थित थे. इस अवसर पर ग्राम नादान से लाड़कुई तक भव्य रथयात्रा निकाली गई. यह यात्रा नादान से प्रारंभ हुई और विभिन्न ग्रामों से भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण कराते हुए लाड़कुई पहुंची.
