रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा अलीगढ़: योगी

अलीगढ़, 22 जून (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि अलीगढ़ में विकास की प्रक्रिया न रुकेगी और न थमेगी, बल्कि निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर चलने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा अलीगढ़ को रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ एवं कोल तथा नगर विधानसभा क्षेत्रों में 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।

योगी ने राष्ट्रनायक राजा महेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह तथा अलीगढ़ की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए कहा कि जनपद ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन, उद्योग और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि कारीगरों और हस्तशिल्पियों की मेहनत ने अलीगढ़ को ताला नगरी और हार्डवेयर उद्योग के वैश्विक केंद्र के रूप में पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की स्वीकृति मिलने के बाद अलीगढ़ रक्षा उत्पादन और आपूर्ति का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। इससे देश की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जहां तेजी से आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा अलीगढ़ क्षेत्र में लगभग 2,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग, छह लेन सड़क, रिंग रोड, फ्लाईओवर, अस्पताल, कॉलेज और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।

योगी ने कहा कि विकास कार्य तभी संभव होते हैं जब जनता दूरदर्शी और विकासोन्मुख जनप्रतिनिधियों का चयन करती है। डबल इंजन सरकार जन अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के “विकास और विरासत” के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के साथ सुरक्षा, नागरिक सुविधाओं और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अलीगढ़ की जनता को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार जनपद के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। लखनऊ में हुई अग्निकांड की घटना की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं और भविष्य में पुनः अलीगढ़ का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

 

Next Post

भारत और पाकिस्तान प्रो लीग में दो बार भिड़ेंगे

Mon Jun 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 जून (वार्ता) भारतीय हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग 2025-26 के लंदन लेग में पाकिस्तान के साथ दो ज़बरदस्त मुक़ाबलों के ज़रिए अपनी पुरानी राइवलरी को फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। यह खेल के सबसे मशहूर मुक़ाबलों में से एक में एक और अध्याय जोड़ेगा। […]

You May Like