नौ सौ से अधिक शिष्य देंगे प्रशिक्षक सबल को सेवानिवृत्ति विदाई

अलवर, (वार्ता) राजस्थान में अलवर में 30 जून को विभिन्न खेलों के 900 से अधिक राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय कोच और खिलाड़ियों का जमावड़ा होगा।

यह अवसर होगा अंतरराष्ट्रीय धावक एवं प्रशिक्षक सबल प्रताप सिंह चौहान के सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का। श्री सिंह द्वारा अपने कार्यकाल में प्रशिक्षित किए गए प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल कोटे से लगे सरकारी अधिकारी इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिरकत कर रहे हैं।

सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह समिति के संयोजक एशियाई खेल पदक विजेता और रेलवे में कार्यरत रतिराम सैनी एवं बास्केट बॉल कोच पुष्पेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि वरिष्ठ एथलेटिक्स प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय धावक सबल प्रताप सिंह चौहान के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में उनके ही शिष्यों द्वारा 30 जून को इंदिरा गांधी स्टेडियम में अपराह्न तीन बजे से भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस सम्मान समारोह में अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच और भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रभारी वीरेंद्र हुड्डा, अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच वीरेंद्र पूनियां, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित एवं एशियाई खेल स्वर्ण पदक विजेता एवं मुख्य खेल अधिकारी राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद सत्यप्रकाश, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच एवं जिला खेल अधिकारी सपना पूनिया, ओलंपियन रतिराम सैनी सहित करीब 45 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, करीब 500 राष्ट्रीय पदक विजेता और अन्य खिलाड़ी शामिल होगे।

श्री सैनी ने बताया कि इंदिरा गांधी स्टेडियम में यह कार्यक्रम अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। इसके बाद सेवानिवृत्त हो रहे कोच सबल प्रताप सिंह को स्टेडियम से लेकर अशोक सर्किल तक बैंड बाजा के साथ लेकर जाएंगे।उन्हें टेल्को चौराहे से उनके घर तक बैंड बाजे के साथ गाड़ी में ले जाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि श्री सिंह 2001 से लेकर 2008 तक इंडियन एथलेटिक्स टीम के मुख्य प्रशिक्षक रहे। इनके कार्यकाल में मकाऊ, हांगकांग, कोलंबो, यूक्रेन आदि देशों में संपन्न हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय दल ने कई पदक जीते। श्री सिंह ने अपने जीवन काल में 1500 से अधिक राष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार किए। इनमें 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता, 200 से ज्यादा राष्ट्रीय पदक विजेता भी शामिल हैं। उनसे प्रशिक्षण प्राप्त एक हजार से ज्यादा खिलाड़ी सरकारी नौकरियों में कार्यरत हैं।

Next Post

जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज बेनेट चोट के कारण बुलावायो टेस्ट से बाहर

Mon Jun 30 , 2025
बुलावायो, (वार्ता) जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को मैदान पर लगी चोट के कारण बुलावायो टेस्ट से बाहर होना पड़ा है। आज यहां खेले जा रहे मुकाबले में सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने आठवें ओवर में रिटायर्ड आउट होने से पहले 28 गेंदों में 19 रन बनाए। बेनेट को […]

You May Like