नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक कर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की।
समझा जाता है कि बैठक में उत्तरखंड में होने वाले पंचायत चुनाव के साथ ही 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव तथा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने के साथ ही प्रदेश में संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की कई।
कांग्रेस के नये मुख्यालय में हुई इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन महरा, गणेश गोदियाल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
