
बालाघाट, नगर पालिका बालाघाट के वार्ड क्रमांक 12 में संचालित शराब दुकान के स्थानांतरण की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ विधायक अनुभा मुंजारे ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर नियमित जनसुनवाई में भाग लिया। इस दौरान नवनियुक्त जिला कलेक्टर श्री कुमार सत्यम से मुलाकात कर वार्डवासियों की ओर से शराब दुकान को रहवासी क्षेत्र से हटाने अथवा अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग रखी गई।
जनसुनवाई के दौरान श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कलेक्टर को अवगत कराया कि वार्ड क्रमांक 12 की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक पिछले 114 दिनों से अधिक समय से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक जिला प्रशासन द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जारी आंदोलन के बावजूद मांगों की अनदेखी होने से महिलाओं और क्षेत्रवासियों में निराशा एवं आक्रोश का वातावरण है।
उन्होंने कहा कि संबंधित शराब दुकान रहवासी क्षेत्र में संचालित होने के कारण महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों को अनेक प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में आए दिन असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती हैं, जिससे स्थानीय लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने भी अपनी सुरक्षा एवं सामाजिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग दोहराई।
अनुभा मुंजारे ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शराब दुकान को आबादी वाले क्षेत्र से हटाने अथवा किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की शीघ्र कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश एवं जिला प्रशासन द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी” जैसे जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, तब दूसरी ओर माताएं-बहनें स्वयं नशामुक्त वातावरण की मांग को लेकर चार माह से अधिक समय से धरने पर बैठी हैं। ऐसे में प्रशासन को केवल जागरूकता अभियान तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर भी प्रभावी निर्णय लेने चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में नशामुक्त समाज का निर्माण करना चाहती है, तो सबसे पहले रहवासी क्षेत्रों से शराब दुकानों को हटाने की दिशा में प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करनी होगी। इससे महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द तथा युवाओं के भविष्य की रक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं जिला कलेक्टर के समक्ष रखीं और शीघ्र समाधान की मांग की। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी तथा नियमानुसार आवश्यक परीक्षण एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर वार्ड की महिला शक्ति, प्रबुद्ध नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, वार्डवासी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
