
अनूपपुर। कोतमा नगर में भाजपा नेता मनमोहन ताम्रकार पर शुक्रवार की रात हुए हमले के दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आईटी सेल और साइबर टीम की मदद से आरोपियों का लोकेशन ट्रेस कर छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से कवर्धा जिले के कुकुर्द्ध थाना क्षेत्र से दोनों को पकड़ा और कोतमा लाया गया।
ज्ञात हो कि शुक्रवार देर रात कोतमा बस स्टैंड चौराहा पर भाजपा नेता मनमोहन ताम्रकार के साथ दीप शुक्ला और एक अन्य युवक ने खुलेआम मारपीट की थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल ताम्रकार को तत्काल कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर (छत्तीसगढ़) रेफर किया गया था। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। हमले के बाद आरोपी मौके से भागते समय भाजपा नेता की गाड़ी की चाबी और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए थे। घटना की सूचना पर कोतमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ला ने बताया कि मुख्य आरोपी दीप शुक्ला पिता राजकुमार शुक्ला निवासी देवगंवा थाना भालूमाड़ा हाल कोतमा एवं सह-आरोपी सचिन तिवारी पिता महेन्द्र तिवारी निवासी भरदु नगर थाना कोलगंवा जिला सतना हाल जमुना भालूमाड़ा को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों को कोतमा लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 224, 296, 324, 331(6), 333 एवं 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
