
अनूपपुर, नवभारत। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक में जनजातीय वर्ग के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं छात्र कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अध्यक्ष श्री आर्य ने विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक व्यवस्था, छात्रावास सुविधाओं तथा जनजातीय विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जनजातीय विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से सुझाव भी प्राप्त किए।
बैठक के दौरान अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने छात्रावास व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक प्रणाली तथा जनजातीय विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आवश्यकताओं से अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। श्री आर्य ने सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास के अवसर उपलब्ध कराना सभी संबंधित पक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में समन्वित और प्रतिबद्ध प्रयास किए जाएंगे। बैठक में मध्य प्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित विश्वविद्यालय के जनजातीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
