ग्वालियर: केंद्रीय दूरसंचार सलाहकार समिति के नवनियुक्त सदस्य दिनेश जैन ने आज अम्मा महाराज की छतरी पहुंचकर स्व. माधवराव सिंधिया एवं राजमाता सिंधिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने ‘आस्था का दीपक’ प्रज्वलित कर दोनों विभूतियों का स्मरण किया तथा उनके आदर्शों, जनसेवा की भावना और जनकल्याण के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर दिनेश जैन ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में मिली जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जनसेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ करेंगे।
उन्होंने कहा कि दूरसंचार उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्रभावी निराकरण, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी। उपभोक्ताओं को नेटवर्क, कॉल ड्रॉप, इंटरनेट सेवाओं, बिलिंग एवं अन्य दूरसंचार संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए वे संबंधित अधिकारियों के समक्ष जनसमस्याओं को प्रमुखता से रखकर उनके समयबद्ध समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष लवी खंडेलवाल, गोपाल जाटव, शकुंतला तोमर, दिनेश तोमर, सृष्टि शर्मा, हर्षित शर्मा, राजेंद्र कुशवाह, राहुल सिंह पवैया, गिर्राज बघेल, कुलविंदर सिंह, राकेश कटारे, राजेश कटारे सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
