
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन और डिंडौरी जिले में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ग्रामीणों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दोनों घटनाओं को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा भोसले का जाना संगीत जगत की अपूरणीय क्षति है। उनके सुरों ने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई और उनके गीत सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश से उनका विशेष आत्मीय संबंध रहा है और राज्य सरकार द्वारा उन्हें लता मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
वहीं, डिंडौरी जिले के एनएच-45 पर ग्राम किकरा तालाब के पास हुई सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4.50- 4.50 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अन्य योजनाओं के माध्यम से भी हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
