शादी का झांसा देकर युवती का किया शारीरिक शोषण 

जरूरी काम बताकर तीन लाख रुपए भी हड़पे

दूसरे से शादी करने के बाद करने लगा परेशान

भोपाल, 30 जनवरी. कोलार थाना पुलिस ने लैब टेक्नीशियन का काम करने वाली एक युवती की रिपोर्ट पर युवक के खिलाफ शारीरिक शोषण करने का मामला दर्ज किया है. आरोपी ने शादी करने का झांसा दिया और जरूरी काम बताकर करीब 3 लाख रुपए भी हड़प लिए. उसके बाद युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया. पीडि़ता ने जब दूसरे युवक से शादी कर ली तो वह दोबारा से ब्लैकमेल करने लगा. परेशान होकर युवती ने थाने जाकर उसके खिलाफ केस दर्ज करवा दिया. जानकारी के अनुसार मूलत: उत्तर प्रदेश निवासी 27 वर्षीय युवती भोपाल के निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन का काम करती है. पिछले साल अप्रैल 2024 में मेट्रीमोनियल साईट के माध्यम से उसकी पहचान विनय कुमार से हुई थी. विनय कुमार मूलत: गया बिहार का रहने वाला है और फिलहाल कोलार इलाके में रहता था. कुछ दिनों की जान-पहचान के बाद विनय ने युवती को अपने घर बुलाया और जल्द ही शादी करने का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान उसने निजी जरूरतों के नाम पर युवती से करीब 3 लाख रुपए भी हड़प लिए. कई महीनों तक शोषण करने के बाद विनय ने शादी करने से इंकार कर दिया और उसके फोन उठाना बंद कर दिए. शादी के बाद करने लगा परेशान विनय से जब शादी करने से इंकार कर दिया तो युवती ने दिसंबर 2024 में दूसरे युवक से शादी कर ली. यह बात जब विनय को पता चली तो वह दोबारा से युवती को परेशान करने लगा. वह युवती को बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था. आरोपी पैसों की मांग करता था. काफी समझाईश के बाद भी जब उसकी हरकतें बंद नहीं हुई तो पीडि़ता ने थाने जाकर उसके खिलाफ केस दर्ज करवा दिया. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

Next Post

ईओडब्ल्यू की सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा में रेड

Thu Jan 30 , 2025
  नगर पालिका परिषद की सीएमओ दिशा डेहरिया के शासकीय आवास सहित कार्यालय तीन ठिकानों में सर्चिंग , शाम तक तस्वीर होगी साफ   जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई, जबलपुर (ईओडब्ल्यू) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में सिवनी नगर पालिका परिषद की सीएमओ   दिशा डेहरिया के शासकीय आवास सहित कार्यालय […]

You May Like