दुर्गोत्सव: पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, 3 हजार का फोर्स तैनात

जबलपुर: दुर्गोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल में चौकसी बढ़ा दी गई है। 3000 का फोर्स तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्थाएं संभालने से लेकर तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही हैं। जिला बल के साथ एफएसएल, एसटीएफ बल तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा रिर्जव फोर्स की भी तैनाती कर दी गई है जो किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है। 15 सौ से अधिक दुर्गा प्रतिमाएं विराजमान है। विदित हो कि संस्कारधानी में दुर्गा उत्सव पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है जिसकी ख्याति पूरे प्रदेश में है।
इनकी हुई तैनाती
3000 का जिला बल
5 एएसपी
16 डीएसपी
45 थाना प्रभारी
107 एफएसएल बल
25 एसटीएफ बल
50 का डीजी रिर्जव फोर्स
गश्त के साथ निगरानी भी बढ़ाई-
थाना प्रभारी से लेकर चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर गश्त करने के साथ पैदल पेट्रोलिंग एवं सतत निगरानी कराई जा रही है। जिले के सभी प्रमुख दुर्गा पंडालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा प्रभात गश्त एवं रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। प्रमुख मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अतिरिक्त गश्त लगाई गई है। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
महिला फोर्स भी तैनात
बड़ी खेरमाई , बूढ़ी खेरमाई , त्रिपुर सुन्दरी मंदिर भेड़ाघाट, शारदा मंदिर बरेला आदि मंदिरों में श्रृ़द्धालुओं एवं महिलाओं को रात्रि 3 बजे से ही जल चढ़ाने एवं दर्शन करने जाना होता है, जिसके चलते यहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है।
सीसीटीव्ही-ड्रोन से भी पैनी नजर-
संवदेनशील क्षेत्रों जैसे कोतवाली, हनुमानताल, लार्डगंज, गोहलपुर, ओमती समेत अन्य में सादे कपड़ों में भी पुलिस फोर्स की तैनाती हुआ है। सीसीटीवी एवं ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। अशांति पैदा करने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की तैयारी कर ली गई है।
सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज जबलपुर अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जायजा लिया। इसके साथ ही व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की हौसला अफजाई करते हुये व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
इनका कहना है
जिला फोर्स के साथ एफएसएल, एसटीएफ, रिर्जव फोर्स तैनात कर दिया गया है। अशांति का वातावरण निर्मित करने और सांप्रदायिक सद्भाव के माहौल को बिगाडऩे की कोशिश करने वालों पर कठोर से कठोर कार्यवाही की जायेगी। नागरिक कौमी एकता एवं सदभावना की मिसाल पेश करते हुये त्यौहार मनायें।
आयुष गुप्ता, एएसपी सिटी

Next Post

सुभाष नगर और जिंसी चौराहे पर भक्ति का उत्साह

Tue Sep 30 , 2025
भोपाल: सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति, जिंसी चौराहा व्यापारी संघ रविदास मंदिर और जय माता दी पूजा समिति, सुभाष नगर द्वारा नवरात्र महोत्सव पर आकर्षक प्रतिमाएं और झांकियां स्थापित की गईं। जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंचे। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि भक्तिमय माहौल में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखे […]

You May Like