नयी दिल्ली, 11 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के निकट भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नौका के पलटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से बचाव अभियान पर लगातार नजर रखने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और लापता लोगों के सकुशल मिलने की प्रार्थना करते हुए उनके परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और साहस प्रदान करने की कामना की। श्री खरगे ने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि वह वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाये रखे, बचाव अभियान की करीबी निगरानी करे और प्रभावित भारतीय परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराये।
श्री गांधी ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि लापता लोगों तथा उनके परिजनों की पीड़ा अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि वे वियतनाम के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान में हरसंभव प्रयास सुनिश्चित करें तथा प्रभावित भारतीय परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करायें।

