दतिया उपचुनाव में निर्वाचन आयोग विशेष निगरानी रखे, स्वतंत्र और निष्पक्ष हो चुनाव: पटवारी

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग से कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी उपचुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जाना चाहिए।

शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव से लेकर विजयपुर विधानसभा उपचुनाव और हाल में दतिया में बने राजनीतिक घटनाक्रम तक लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की एक श्रृंखला दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों को अनुचित तरीके से पदों से हटाया गया और विधायकों को प्रभावित करने के प्रयास किए गए, जिनसे जनता भली-भांति परिचित है।

उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस दतिया उपचुनाव पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ लड़ेगी तथा मतदाता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए अपना जनादेश देंगे।

पटवारी ने दतिया की हालिया कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जिला प्रशासन स्थानीय हालात को प्रभावी ढंग से नियंत्रित नहीं कर पा रहा है, तो वह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कैसे सुनिश्चित करेगा। उन्होंने निर्वाचन आयोग से उपचुनाव की पूरी प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने और प्रशासन को किसी भी प्रकार के दबाव या पक्षपात से मुक्त होकर कार्य करने के निर्देश देने की मांग की।

भाजपा समर्थकों द्वारा टिकट वितरण के बाद किए गए हालिया विरोध-प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था की कमियां उजागर हुई हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के पक्ष में है तथा सभी संवैधानिक संस्थाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा करने का आग्रह किया।

Next Post

स्कूली छात्रों के साथ जमीन पर बैठकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संवाद, हिंद रक्षक के कार्यक्रम में बोले शिक्षा परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम

Sat Jul 11 , 2026
इंदौर। पूर्व मंत्री स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह गौड़ की 68वीं जन्मजयंती पर बास्केटबॉल काम्प्लेक्स में संस्था हिंद रक्षक द्वारा पुण्योदय प्रकल्प विद्यादान अभियान शुरूआत हुई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने शैक्षणिक-सत्र की शुरुआत से पहले स्कूली बच्चों को किताबें बांटी हैं इसलिए संस्था हिंद […]

You May Like