सतना : भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और समर्पण का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शहर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता हैं वही पर्व को लेकर शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों में सुबह से देर रात तक जबर्दस्त रौनक और ग्राहकों की भारी चहल-पहल रही. बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ खरीदारी की, तो भाइयों ने भी सुरक्षा के संकल्प के साथ उपहार चुने. बाजारों में उमड़े जनसैलाब से व्यापार में जबर्दस्त उछाल देखा गया, वहीं सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया
शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र पन्नी लाल चौक, स्टेशन रोड, रीवा रोड, चौक बाजार और बिहारी चौक में सुबह से ही खरीदारों का तांता लग गया. रंग-बिरंगी राखियों, कपड़ों और उपहारों की दुकानों से समूचा बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आया. आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे, जिससे शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा.
बाजार में इस बार पारंपरिक रेशमी धागों, कुंदन और चंदन की राखियों के साथ-साथ आधुनिक डिजाइनर राखियों की भारी मांग रही. बहनों ने कलाई सजाने के लिए जमकर खरीदारी की. राखियों के अलावा मिष्ठान दुकानों पर भी ग्राहकों का भारी हुजूम उमड़ा. पूजा सामग्री, उपहार और श्रृंगार प्रसाधनों की दुकानों पर सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक निर्बाध जारी रहा.
बाजारों में उमड़ी भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा. जाम से बचाव के लिए मुख्य और संकरे व्यापारिक मार्गों पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह सीमित कर दिया गया. शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे आमजन को बिना किसी अव्यवस्था के शांतिपूर्ण माहौल में खरीदारी हुई
