
जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जबलपुर महानगर द्वारा घंटाघर, बड़ी ओमती में झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव के लिए निकाले गए शांतिपूर्ण मार्च के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र हितों पर हुए दमन का विरोध दर्ज कराया।
महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठी, आंसू गैस और पानी की बौछारों के बल पर दबाने का प्रयास लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी मांगें शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है, लेकिन झारखंड सरकार ने संवाद के स्थान पर दमन का रास्ता अपनाया, जो अत्यंत निंदनीय है। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों की रक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लेते हुए झारखंड के छात्र आंदोलन के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।
