सीतलपुर गांव में कुएं में मिला अधेड़ का शव, हाथ-पैर बंधे मिलने से हत्या की आशंका

गुना: जिले के मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सीतलपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव गांव के कुएं में तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान नारायण सिंह पिता मांगीलाल खंगार निवासी सीतलपुर के रूप में हुई है। शव के हाथ-पैर बंधे हुए मिलने से ग्रामीणों में हत्या की आशंका गहराने लगी है। घटना की सूचना सुबह ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की जानकारी देने के बाद भी पुलिस एक घंटे से अधिक समय बाद पहुंची, जिससे पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वहीं कई महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई करते हुए उन्हें मौके से खदेडऩे की कोशिश की। पुलिसकर्मियों को समझाइश देने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

गांव वालों का कहना है कि मृतक ने पहले भी कुछ लोगों के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो शायद यह हत्या टल सकती थी। इधर पुलिस ने शव को कुएं से निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा है, वहीं ग्रामीण न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

Next Post

दीपावली की रात पचास जगहों पर लगी आग, वाहन और गोदाम हुए तबाह

Tue Oct 21 , 2025
ग्वालियर: ग्वालियर में दीपावली की रात आतिशबाजी, दीपकों और शॉर्ट सर्किट के चलते पचास से अधिक स्थानों पर भीषण आग लगने की घटनाएं हुईं। फायर स्टेशन को रातभर एक के बाद एक कॉल्स मिलते रहे। कहीं मकान में तो कहीं कचरे और झाड़ियों में आग लगी, लेकिन सबसे बड़ी घटना […]

You May Like