भोपाल। राजधानी का एमपी नगर जोन 2, जो शहर का एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है, वहां कोचिंग संस्थानों की बढ़ती संख्या के कारण पार्किंग की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। छात्रों और शिक्षकों द्वारा अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा करने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। जोन 2 में अनेक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। इन संस्थानों के पास अपनी पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण छात्र और शिक्षक अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को सड़कों पर खड़ा करने के लिए मजबूर हैं। इससे सड़कों पर जाम लग जाता है और पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है।कोचिंग संस्थानों के आसपास की सड़कें, जैसे कि एमपी नगर मेन रोड, जोन 2 मार्केट रोड और अन्य आंतरिक सड़कें, अक्सर वाहनों से भरी रहती हैं। इससे अन्य वाहनों के निकलने के लिए भी रास्ता नहीं रहता है। पीक आवर्स के दौरान, यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब छात्र और शिक्षक एक साथ संस्थानों में आते और जाते हैं। जिससे सड़क दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है. स्थानीय दुकान दार प्रवीण का कहना है कि सड़कों पर अवैध पार्किंग के कारण उनके ग्राहकों को भी दुकान में खरीदी करने में परेशानी होती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि कोचिंग संस्थान इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
नगर निगम ने इस समस्या को संज्ञान में लिया है और अवैध खड़े वाहनों को टो करने की कारवाई भी यातायात पुलिस की सहायता से कराई है। हालांकि, यह समस्या अभी भी बनी हुई है। पर प्रशासन को इस मामले में और अधिक सक्रियता दिखानी चाहिए और कोचिंग संस्थानों के लिए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
शैलेन्द्र सिंह भदौरिया( निगम अतिक्रमण अधिकारी)
सुझाव
एमपी नगर जोन 2 में स्थित सभी कोचिंग संस्थान के मालिकों को अपने संस्थान में आने वाले सभी शिक्षक और छात्रों को अपने वाहन जोन 1 में बनी मल्टी लेवल पार्किंग में खड़े करने के लिए जागरूक करना चाहिए जिससे सड़को पर अवैध खड़े वाहनों के कारण यातायात में कोई समस्या ना आ सके और लगभग खाली पड़ी हुई पार्किंग का भी उपयोग हो सके.
