
भोपाल। जिला कांग्रेस कमेटी ने विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुतला दहन किया। यह विरोध जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में हुआ। कांग्रेस का आरोप है कि फर्जी वोट और विशेष मतदाता सूची संशोधन के नाम पर गरीबों व आदिवासियों के नाम काटे जा रहे हैं। राहुल गांधी सहित इंडिया गठबंधन के नेता निर्वाचन आयोग तक पैदल मार्च कर रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि वोट चोरी से सरकार बनाई गई है और निर्वाचन आयोग कार्रवाई नहीं कर रहा। प्रवीण सक्सेना ने चेताया कि अगर वोट चोरी नहीं रुकी तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। पार्टी ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया।
