खजुराहो:विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो के नगर परिषद सभागार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा स्तरीय पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक ने ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम को देश की राजनीति और महिलाओं के भाग्य को बदलने वाला एक ऐतिहासिक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को मिलने वाला 33 प्रतिशत आरक्षण केवल एक कानूनी बदलाव नहीं, बल्कि आधी आबादी के सम्मान और सामर्थ्य का वैश्विक जयघोष है।
डॉ. पाठक ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिला आरक्षण के नाम पर देश की आंखों में धूल झोंकी है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लिए यह विधेयक केवल चुनावी घोषणापत्र का एक पन्ना मात्र था, जिसे उन्होंने कभी नीयत के साथ लागू नहीं किया। उनके शासनकाल में शाहबानो जैसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसलों को भी राजनीतिक तुष्टिकरण की वेदी पर चढ़ा दिया गया।” उन्होंने याद दिलाया कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के समय जो दल इस बिल के घोर विरोधी थे, वे आज भी कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं, जो विपक्ष के असली चेहरे को उजागर करता है।
पत्रकार-वार्ता में डॉ. पाठक ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आगामी 16, 17 एवं 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, ताकि इस कानून को मूर्त रूप दिया जा सके। यह अधिनियम आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में महिलाओं की महती भूमिका सुनिश्चित करेगा।इस अवसर पर मंच पर प्रदेश महिला मोर्चा से ज्योति दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उर्मिला साहू, राजनगर जनपद अध्यक्ष प्रेम भाई कुशवाहा, खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष पूजा अवस्थी, अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी एवं मंडल अध्यक्ष गौरव सिंह बघेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय भाजपा जिला सह-मीडिया प्रभारी अरविंद रावत द्वारा किया गया
