भोपाल, (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज कहा कि संगठन में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है और इन्हीं के अथक परिश्रम से पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
श्री खंडेलवाल यहां उनके सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, अन्य पदाधिकारी और राज्य सरकार के मंत्री भी उपस्थित थे।
प्रदेश भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने कहा कि देश में अनेक राजनैतिक दल हैं, जाे परिवार या समाज आधारित हैं। लेकिन सिर्फ भाजपा ही ऐसा संगठन है, जो कार्यकर्ताओं के परिश्रम के आधार पर चलता है। उन्होंने कहा कि वे भी इस दायित्व को कार्यकर्ता के भाव के साथ निभाना पसंद करेंगे। संगठन में कार्यकर्ता सोच ले, तो उसे कोई भी चुनाव जीतना मुश्किल नहीं है।
श्री हितानंद ने कहा कि जनसंघ की स्थापना विचारों और उद्देश्यों को लेकर हुयी थी। भाजपा ने इन राष्ट्रवादी विचारों को अंगीकार कर सदैव राष्ट्र को प्रथम मानकर कार्य किया है। विचारों से समझौता नहीं किया गया। अब यह पार्टी देश के विकास के साथ ही अंत्योदय के कार्य जन जन तक पहुंचा रही है। इस अवसर पर अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
बैतूल से विधायक श्री खंडेलवाल दो दिन पहले ही सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए हैं। इसके पहले आज उन्होंने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
