बीते वर्ष यात्री वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र, दुपहिया में उत्तर प्रदेश रहा सबसे आगे

नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) यात्री वाहनों की बिक्री में वित्त वर्ष 2025-26 में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा जबकि दुपहिया की बिक्री में उत्तर प्रदेश ने बाजी मारी है।

वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के बुधवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि गत 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में देश में कुल 46.43 लाख यात्री वाहन बिके। इसमें महाराष्ट्र का योगदान 5.64 लाख (12.1 प्रतिशत) रहा। यात्री वाहनों में कार, वैन और उपयोगी वाहन आते हैं।

उत्तर प्रदेश 10.6 प्रतिशत के साथ दूसरे और गुजरात आठ प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद क्रमशः कर्नाटक (7.1 प्रतिशत), तमिलनाडु (6.8 प्रतिशत) और हरियाणा (6.7 प्रतिशत) का स्थान रहा।

घरेलू बाजार में बिके 217.1 लाख दुपहिया वाहनों की बिक्री में 31.8 लाख (14.7) प्रतिशत के साथ उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। इसके बाद 11.3 प्रतिशत दुपहिया वाहन महाराष्ट्र में, 8.1 प्रतिशत तमिलनाडु में और 7.2 प्रतिशत गुजरात में बिके। कर्नाटक का योगदान 6.3 फीसदी और मध्य प्रदेश का 5.9 प्रतिशत रहा।

तिपहिया वाहनों की कुल बिक्री 8.36 लाख इकाई रही। इसमें 99 हजार (11.8 प्रतिशत) के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर रहा। गुजरात का योगदान 10.7 प्रतिशत, महाराष्ट्र का 10.6 प्रतिशत, कर्नाटक का आठ प्रतिशत और बिहार का 6.9 प्रतिशत रहा।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री बीते वित्त वर्ष में 10.80 लाख दर्ज की गयी। इसमें 1.61 लाख (15 प्रतिशत) महाराष्ट्र में बिके। गुजरात 8.6 प्रतिशत के साथ दूसरे और तमिलनाडु 8.4 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद क्रमशः उत्तर प्रदेश (8.3 प्रतिशत), कर्नाटक (7.1 प्रतिशत) और हरियाणा (6.6 प्रतिशत) का स्थान रहा।

क्षेत्रवार यात्री वाहनों, दुपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में पश्चिमी क्षेत्र सबसे आगे रहा। वहीं, तिपहिया वाहनों की बिक्री में दक्षिणी क्षेत्र सबसे आगे रहा।

 

Next Post

भारत जिम्मेदार परमाणु शक्ति , 'नो फर्स्ट यूज़' की नीति पर कायम, लेकिन ब्लैकमेल नहीं सहेगा : राजनाथ

Wed May 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा है कि भारत एक जिम्मेदार परमाणु शक्ति है और इन हथियारों का पहले इस्तेमाल नहीं करने की अपनी नीति पर दृढता से कायम है लेकिन वह परमाणु ब्लैकमेल को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा। श्री […]

You May Like