
महिदपुर। माधुपुरा फंटा के पास एक भयानक सडक़ हादसा हुआ है। लेकिन इस हादसे के बीच एक इंसानियत की ऐसी मिसाल सामने आई है। जिसने चार जिंदगियों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सडक़ किनारे लगे एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार तीन मासूम बच्चे और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। चारों अपने निजी वाहन से सेंट जोसेफ स्कूल से अध्ययन पूरा कर घर की ओर लौट रहे थे। तभी वहां से गुजर रहे महिदपुर विधानसभा के विजय सिंह गौतम ने बिना एक पल गंवाए अपने निजी वाहन से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू किया वे तीनों बच्चों और घायल ड्राइवर को लेकर सीधे महिदपुर शासकीय चिकित्सालय पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया प्राथमिक उपचार के बाद, घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल उज्जैन रेफर कर दिया है।
सूझबूझ से बची जान
समय पर मिले इस इलाज और समाजसेवी विजय सिंह गौतम की सूझबूझ की वजह से आज चार लोगों की जान बच सकी है। इलाके में उनकी इस सजगता और सेवा भाव की जमकर तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि विजय सिंह गौतम उन बच्चों और ड्राइवर के लिए किसी फरिश्ते से कम साबित नहीं हुए। वैसे भी गौतम समाज सेवा में सबसे आगे रहते आए हैं।
