
इटारसी। रीवा में जैन आर्यिकाओं के साथ हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना को लेकर इटारसी में जैन समाज का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सकल जैन समाज और श्री महावीर जैन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा से मुलाकात कर घटना के सीसीटीवी फुटेज दिखाए। फुटेज देखने के बाद विधायक डॉ. शर्मा ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह सामान्य सड़क हादसा नहीं बल्कि “सोची-समझी साजिश” प्रतीत होती है।
रेस्ट हाउस में हुई मुलाकात के दौरान जैन समाज ने संतों की सुरक्षा और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई। समाज की ओर से सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नाम ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि संदेश पुरोहित एवं तहसीलदार सुनीता साहनी को सौंपा गया।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि जैन समाज पूर्णतः अहिंसक समाज है और उनके साधु-संत सदैव पैदल विहार करते हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि घटना को जानबूझकर अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले को शासन स्तर पर उठाकर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ज्ञापन में बताया गया कि 20 मई की सुबह रीवा प्रवास के दौरान आर्यिका श्रुतमति माताजी और उपसममति माताजी पैदल विहार कर रही थीं, तभी कार क्रमांक एमपी 49 सीडी 8309 के चालक राशिद अली ने कथित रूप से पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आर्यिका श्रुतमति माताजी का मौके पर ही देवलोकगमन हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल उपसममति माताजी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जैन समाज ने घटना के सभी सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, उच्च स्तरीय जांच कराने तथा साधु-संतों के लिए विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में अनिल जैन, जिनेन्द्र जैन, अजीत जैन, संजय जैन, अरविन्द जैन, सुधीर गोठी, कन्हैयालाल मरोठी, धर्मेश सिंघवी, डॉ. नीरज जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
