सतना:बाणसागर पक्का बांध संभाग क्रमांक-3 देवलोंद द्वारा जारी पत्र के अनुसार खरीफ सिंचाई वर्ष 2026 के लिए 02 जून 2026 को सुबह 6 बजे से बाणसागर जलाशय से सोन नदी में पानी छोड़ा जाएगा। जल का प्रवाह पावर हाउस क्रमांक-3 के माध्यम से किया जाएगा, जिससे नदी के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिदिन लगभग 2017 क्यूसेक (करीब 4000 एकड़ फीट) पानी सोन नदी में प्रवाहित किया जाएगा। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी के निचले क्षेत्र में बसे गांवों के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
सोन नदी के किनारे बसे रामनगर ब्लॉक के केथहा, सरिया, हरियरी, डड़िया, कुआं, राझुआ और पेपखरा गांवों के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि ग्रामीण नदी के किनारों पर अनावश्यक आवाजाही न करें तथा बच्चों और पशुओं को भी नदी के पास जाने से रोकें बाणसागर परियोजना के अधिकारियों ने संबंधित जिलों के प्रशासन और पुलिस विभाग को भी सूचना भेजकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
