बीना। शहर के ईसाई समाज के लोगों ने तहसीलदार अंबरपंथी, एवं एसडीओपी अजय सनकत को ज्ञापन सौंपकर मिशन कम्पाउंड स्थित दान भूमि पर जबरन कब्जे के प्रयास का विरोध दर्ज कराया। समाज ने एस.डी.ओ.पी. अजय सनकत से भी मुलाकात कर भविष्य में अप्रिय घटना न हो, इसके लिए कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।ज्ञापन में समाज ने बताया कि मिशन कम्पाउंड बीना में स्थित भूमि शेलेन्द्र लाल पिता स्व. एडविन प्यारेलाल की दान भूमि है। इस भूमि पर वर्तमान में स्वयं शेलेन्द्र लाल का कब्जा है और इसी पर दुकान का संचालन भी किया जा रहा है।आरोप लगाया गया कि उक्त भूमि पर अंकिता किंग पुत्री जानसन किंग द्वारा 10/11 जुलाई 2026 की रात कुछ बाहरी शरारती तत्वों को बुलाकर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस थाना छोटी बजरिया को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश दी।इसके बावजूद मध्य रात्रि करीब 2 बजे पुनः कुछ बाहरी लड़कों को बुलाकर भूमि पर तार की फेंसिंग और खंभे गाड़ने का प्रयास किया गया। इसकी सूचना पुनः पुलिस को दी गई।पुलिस के पहुंचते ही शरारती तत्व मौके से भाग गए। पुलिस ने फेंसिंग में उपयोग होने वाला सामान जब्त कर लिया।ईसाई समाज ने आरोप लगाया कि अंकिता किंग द्वारा बार-बार इस प्रकार के अनैतिक कार्य किए जा रहे हैं और राजनैतिक दबाव बनाकर कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। समाज ने इस कृत्य का कड़ा विरोध व्यक्त किया है।समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि दान भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन देने वालों में बीना ईसाई समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
