शासकीय स्कूल में निःशुल्क साइकिल पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे

सारनी। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारनी में शनिवार को आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलकता दिखाई दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूर-दराज क्षेत्रों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई को सुगम बनाना और उन्हें शिक्षा से निरंतर जोड़कर रखना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बर्दे ने विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय बचेगा, उनकी विद्यालय में उपस्थिति बढ़ेगी और वे अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ सकेंगे।

विद्यालय की प्राचार्य सरिता झारबड़े ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है और शासन की यह पहल विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं अनुशासन का पालन करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राचार्य के.के. अतुलकर, नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बर्दे, वार्ड पार्षद भीमू थापा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोलू राजपूत, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल उनकी शिक्षा यात्रा को नई गति और नई उड़ान देने का कार्य करेगी।

 

 

Next Post

मां ताप्ती की पूजा अर्चना कर रवाना हुआ जन्मोत्सव प्रचार रथ

Sun Jul 12 , 2026
मुलताई। सूर्यपुत्री माँ ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास द्वारा मां ताप्ती जन्मोत्सव पर साप्ताहिक कार्यक्रमो का आयोजन किया जा रहा है,जन्मोत्सव कार्यक्रम के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए मां ताप्ती की पूजा अर्चना कर प्रसार प्रचार रथ रवाना किया गया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष नीतू परमार, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमंत शर्मा, […]

You May Like