ऑपरेशन त्रिनेत्रम: देवास में महिला स्नैचर्स सहित 7 गिरफ्तार, राजधानी एक्सप्रेस में चोरी का खुलासा भी

भोपाल। संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवास पुलिस और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) इटारसी की अलग-अलग कार्रवाइयों में 58 लाख रुपये से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद की गई है तथा कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत देवास पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। आरोपियों ने पिछले 15 दिनों में आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, जबलपुर के भेड़ाघाट तथा देवास में नौ चेन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 156 ग्राम वजनी नौ सोने की चेन, वारदात में प्रयुक्त टाटा हेक्सा वाहन, छह महंगे मोबाइल फोन और नकदी सहित लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब देवास निवासी 60 वर्षीय सरोज अग्रवाल ने 10 जून को एक धार्मिक आयोजन के दौरान उनकी सोने की चेन और पेंडेंट चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने मात्र तीन दिनों में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, जीआरपी इटारसी ने राजधानी एक्सप्रेस में हुई चोरी के मामले का भी सफल खुलासा किया। कर्नाटक निवासी एक यात्री के परिवार का हैंडबैग चोरी हो गया था, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, टैबलेट और अन्य कीमती सामान रखा था। सीसीटीवी फुटेज और साइबर विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 54.3 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र सहित लगभग 8.52 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से धार्मिक आयोजनों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और रेल यात्राओं के दौरान अपने कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को देने की अपील की है।

 

Next Post

जेल में साप्ताहिक योग अभियान का शुभारंभ

Tue Jun 16 , 2026
सीहोर। सोमवार को प्रदेश व्यापी अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला जेल में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष संजीव कुमार अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर बंदियों को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के लोगो युक्त टी-शर्ट का वितरण […]

You May Like