सीताराम जयपुरिया फाउंडेशन ने डॉक्टरों को दिये 90 लाख के पुरस्कार

नयी दिल्ली, 15 मार्च (वार्ता) सीताराम जयपुरिया फाउंडेशन ने मेडिकल एंड हेल्थकेयर एक्सीलेन्स अवॉर्ड्स के तीसरे संस्करण में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में नीति आयोग के सदस्य विनोद के. पॉल समेत छह डॉक्टरों को कुल 90 लाख रुपये के पुरस्कार प्रदान किये। स्वर्गीय सीताराम जयपुरिया की जन्म शताब्दी पर उनकी स्मृति में स्थापित ये पुरस्कार उन पेशेवरों को दिए जाते हैं जिन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में अनुसंधान, क्लिनिकल प्रैक्टिस, गांवों में स्वास्थ्य सेवा देने, सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा चिकित्सा की प्रगति में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो। पुरस्कार समारोह का आयोजन यहां एसजेएफ साइंटिफिक सिम्पोसियम और अवॉर्ड्स प्रोग्राम के तहत किया गया। कार्यक्रम में मोटापा, मधुमेह एवं हृदय रोग से संबंधित बीमारियों पर चर्चा भी हुई।

सीताराम जयपुरिया फाउंडेशन के अध्यक्ष और कोस्मो फर्स्ट लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अशोक जयपुरिया ने अपने पिता सीताराम जयपुरिया को याद किया और कहा कि आज जिन डॉक्टरों को यहां सम्मानित किया जा रहा है, उन्होंने अपना जीवन, चिकित्सा सुविधाओं और असंख्य लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए समर्पित कर दिया है। उनकी प्रतिबद्धता, सहानुभूति और उत्कृष्टता सही मायनों में चिकित्सा के पेशे की महानता की पुष्टि करती है। नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर डॉ. पॉल को 50 लाख रुपये का एक्सीलेन्स इन मेडिसिन एंड हेल्थकेयर अवॉर्ड प्रदान किया गया।

एमर्जिंग यंग लीडर इन मेडिसिन एंड हेल्थकेयर अवॉर्ड (10 लाख रुपये) पीजीएमईआर, चंडीगढ़ के डॉ. सहजल धुरिया को दिया गया। एक्सेम्पलेरी लीडरशिप इन रूरल मेडिसिन एंड हेल्थकेयर अवॉर्ड (10 लाख रुपये) संयुक्त रूप से महाराष्ट्र के महाड़ स्थित बावस्कर हॉस्पिटल एंड क्लिनिकल रीसर्च सेंटर में चिकित्सा निदेशक डॉ हिम्मतराव सलुबा बावस्कर और नारायणगांव स्थित विघ्नहर नर्सिंग होम के निदेशक डॉ. सदानंद दगाड़ु राउत के दिया गया। श्रीमति गायत्री जयपुरिया वीमेन्स मेडिसिन एंड हेल्थकेयर एक्सीलेन्स अवॉर्ड शाइज़ोफ्रेनिया रीसर्च फाउन्डेशन, चेन्नई के सह-संस्थापक एवं उपाध्यक्ष डॉ. थारा रंगस्वामी को मिला। श्री अश्विनी कुमार अवॉर्ड फॉर हेल्थकेयर एक्सीलेन्स इन डायबिटीज एंड ओबेसिटी केयर का 10 लाख रुपये का पुरस्कार डॉ मोहन्स डायबिटीज़ स्पेशलटीज़ सेंटर और द मद्रास रीसर्च रीसर्च फाउन्डेशन, चेन्नई के अध्यक्ष डॉ. वी. मोहन को प्रदान किया गया।

Next Post

एफएसएसएआई द्वारा स्थायी लाइसेंस देने का निर्णय परिवर्तनकारी: कैट

Sun Mar 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 मार्च (वार्ता) अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं संरक्षा प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा खाने-पीने की चीजों को व्यवसायियों को स्थायी लाइसेंस देने के निर्णय को परिवर्तनकारी बताया है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री लोकसभा सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने रविवार को कहा कि इससे व्यवसायियों को […]

You May Like