पटना की आकांक्षा को न्याय दिलाने में सरकार का रवैया संदिग्ध : प्रियंका-राहुल

नयी दिल्ली, 07 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया है कि पटना में नीट की तैयारी कर रही आकांक्षा की दुष्कर्म के बाद हुई हत्या के मामले में भी भाजपा सरकार का रवैया संदिग्ध बना हुआ है और जब सांसद पप्पू यादव इसे लेकर आवाज उठाते हैं तो उनके साथ असंवेदनशील व्यवहार किया जाता है।

श्रीमती वाड्रा ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह केस सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है। प्राथमिकी दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक-सब कुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा “हाथरस, उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक- जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों के साथ खड़ी हो जाती हैं। इस केस में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव जी की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है। भाजपा और उनके सहयोगियों का एजेंडा स्पष्ट है- वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं।”

श्री गांधी ने कहा कि आकांक्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जाँच और न्याय की माँग की, तो वही पुराना भाजपा-एनडीए मॉडल सामने आ गया-केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो।

उन्होंने कहा कि इस बेटी के लिए न्याय की आवाज़ बनकर सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। आज उनकी गिरफ़्तारी साफ़ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही माँगने वाली हर आवाज़ को डराया और दबाया जा सके।

श्री गांधी ने कहा “सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती। यह एक भयावह साज़िश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहाँ और भी बेटियाँ शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफ़नाक सच्चाई से आँखें मूँद कर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ़ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज़्ज़त और सुरक्षा का सवाल है।”

 

 

Next Post

केंद्रीय बजट आम आदमी के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला: भाजपा

Sat Feb 7 , 2026
ऋषिकेश,07 फ़रवरी (वार्ता) उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय बजट को आम आदमी के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला ऐतिहासिक बजट बताया है। शनिवार को ऋषिकेश मे पत्रकारों से मुख़ातिब होते हुए राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह बजट नौकरीपेशा मध्यम वर्ग, किसानों, […]

You May Like